:
Breaking News

कोहरे की मार: उड़ान में देरी पर सख्त हुआ नागरिक उड्डयन मंत्रालय, एयरलाइंस को यात्रियों के लिए नए निर्देश

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

नई दिल्ली।देशभर में घने कोहरे और घटती दृश्यता के चलते हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। लगातार उड़ानों में देरी और रद्दीकरण की बढ़ती शिकायतों को देखते हुए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने एयरलाइंस के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। मंत्रालय ने साफ किया है कि खराब मौसम की आड़ में यात्रियों की सुविधा और अधिकारों से कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।मंत्रालय द्वारा जारी ऑफिस मेमोरेंडम में कहा गया है कि कोहरे या कम विजिबिलिटी की स्थिति में एयरलाइंस की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है। यात्रियों को उनकी उड़ान की वास्तविक स्थिति की जानकारी समय रहते और पूरी पारदर्शिता के साथ देना अनिवार्य होगा। अगर फ्लाइट लेट होती है या रद्द की जाती है, तो उसका स्पष्ट कारण यात्रियों को बताना होगा।बीते कुछ दिनों में सैकड़ों उड़ानें अपने तय समय से काफी देरी से चलीं या रद्द करनी पड़ीं। देश के सबसे व्यस्त हवाई अड्डों में शामिल दिल्ली का इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट सबसे अधिक प्रभावित रहा, जहां सुबह और शाम के समय उड़ान संचालन पर सबसे ज्यादा असर देखा गया।मंत्रालय ने यह भी निर्देश दिया है कि लंबी देरी की स्थिति में एयरलाइंस यात्रियों को भोजन और रिफ्रेशमेंट उपलब्ध कराएं। साथ ही यात्रियों को टिकट री-बुक करने या रिफंड लेने का विकल्प बिना किसी परेशानी के दिया जाना चाहिए।ऑफिस मेमोरेंडम में यह भी स्पष्ट किया गया है कि जिन यात्रियों ने तय समय पर चेक-इन की प्रक्रिया पूरी कर ली है, उन्हें बोर्डिंग से रोका नहीं जा सकता, चाहे मौसम की वजह से उड़ान संचालन में बाधा क्यों न आ रही हो।खराब मौसम के कारण यदि किसी फ्लाइट को दूसरे एयरपोर्ट पर उतारना पड़ता है, तो एयरलाइंस को वहां भी यात्रियों के लिए समुचित व्यवस्था करनी होगी। इसमें भोजन, रिफ्रेशमेंट, आगे की यात्रा, कनेक्टिंग फ्लाइट्स, बैगेज और बिना अभिभावक यात्रा कर रहे बच्चों की देखभाल शामिल है।इसके अलावा मंत्रालय ने एयरलाइंस को कोहरे के दौरान ज्यादा प्रभावित समय, खासकर सुबह तड़के और देर शाम, एयरपोर्ट पर अतिरिक्त स्टाफ तैनात करने के निर्देश दिए हैं। हेल्प डेस्क पर पर्याप्त कर्मी मौजूद रहें, ताकि यात्रियों को तुरंत सहायता मिल सके।दिव्यांग यात्रियों को लेकर भी विशेष संवेदनशीलता बरतने को कहा गया है। PwD यात्रियों को हर स्तर पर जरूरी मदद देने, समय पर रिफंड, बैगेज सुविधा और शिकायत निवारण व्यवस्था को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया है।नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा है कि कोहरे और कम दृश्यता के कारण उड़ान संचालन प्रभावित हो रहा है, ऐसे में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है और एयरलाइंस को यात्री सुविधा नियमों का सख्ती से पालन करना होगा।गौरतलब है कि हर साल सर्दियों के मौसम में उत्तर भारत के कई हिस्सों में घना कोहरा छा जाता है, जिससे हवाई, रेल और सड़क यातायात प्रभावित होता है। ऐसे हालात में यात्रियों को राहत देने की जिम्मेदारी सरकार और एयरलाइंस दोनों की भूमिका को और अहम बना देती है।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *