:
Breaking News

पप्पू यादव की गिरफ्तारी पर राहुल गांधी का बड़ा हमला, बोले—यह कानून नहीं, बदले की राजनीति है

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना/नई दिल्ली।पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव की देर रात गिरफ्तारी ने बिहार की राजनीति को गरमा दिया है। इस कार्रवाई पर कांग्रेस नेता और सांसद राहुल गांधी खुलकर सामने आ गए हैं। उन्होंने नीतीश सरकार पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा है कि यह गिरफ्तारी कानून व्यवस्था का हिस्सा नहीं, बल्कि उन आवाज़ों को दबाने की कोशिश है जो सत्ता से सवाल पूछ रही हैं।
पप्पू यादव को शुक्रवार देर रात एक पुराने मामले में पटना स्थित उनके आवास से पुलिस ने गिरफ्तार किया। कोर्ट के आदेश का हवाला देते हुए की गई इस कार्रवाई के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई, जिसके चलते उन्हें पहले अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद से ही विपक्षी दल इसे “राजनीतिक प्रतिशोध” बता रहे हैं।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए लिखा कि पप्पू यादव की गिरफ्तारी उस वक्त की गई है, जब वह नीट छात्रा की मौत के मामले में लगातार सरकार और सिस्टम से जवाबदेही मांग रहे थे। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि बिहार सरकार ऐसी हर आवाज़ से डरती है, जो अन्याय के खिलाफ खड़ी होती है।
उन्होंने यह भी कहा कि यह मामला सिर्फ एक व्यक्ति की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक खतरनाक संकेत है। राहुल गांधी के शब्दों में, यह एक ऐसा पैटर्न बनता दिख रहा है, जहां सवाल पूछने वालों को डराया जा रहा है और असल मुद्दों से ध्यान भटकाया जा रहा है।
राहुल गांधी ने पोस्ट में लिखा कि यह राजनीति का विषय नहीं, बल्कि इंसाफ का सवाल है। यह बिहार की बेटियों की सुरक्षा और सम्मान से जुड़ा मामला है, जिस पर सत्ता आंखें मूंदे बैठी है। उन्होंने चेतावनी भरे लहजे में कहा कि जवाबदेही से भागने के लिए दमन का रास्ता अपनाना लोकतंत्र के लिए बेहद खतरनाक है।
इधर, पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है। समर्थक सड़कों पर उतरने की बात कर रहे हैं, जबकि सरकार इसे न्यायालय के आदेश का अनुपालन बता रही है। ऐसे में सवाल यह उठ रहा है कि क्या यह सिर्फ एक कानूनी कार्रवाई है, या फिर सत्ता और सवालों के बीच टकराव की एक नई कहानी?

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *