:
Breaking News

पटना के बिहटा में ज्वेलरी व्यवसायी से पिस्टल के बल पर डेढ़ लाख की लूट, अपराधियों की तलाश में पुलिस

top-news
https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

पटना के बिहटा में अपराधियों ने ज्वेलरी व्यवसायी से पिस्टल के बल पर डेढ़ लाख रुपये और सोने के गहने लूट लिए। पुलिस CCTV के आधार पर जांच कर रही है।

पटना/बिहार/आलम की खबर:पटना जिले के बिहटा थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए, जहां ज्वेलरी व्यवसायी को निशाना बनाकर दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया गया। इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल फैल गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

जानकारी के अनुसार, घटना सिकंदरपुर छिलका स्थित माचा स्वामी मंदिर के पास की है। सोमवार देर शाम ज्वेलरी व्यवसायी प्रमोद कुमार अपनी दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। जैसे ही वे सुनसान इलाके के पास पहुंचे, पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन्हें रोक लिया।

बताया जाता है कि दो बाइक पर सवार चार हथियारबंद अपराधियों ने व्यवसायी को पिस्टल दिखाकर धमकाया और उनके पास मौजूद नकदी तथा गहनों की लूट शुरू कर दी। अपराधियों ने करीब 1.50 लाख रुपये नकद और सोने के कुछ गहने लूट लिए और मौके से फरार हो गए। घटना इतनी तेजी से हुई कि पीड़ित को संभलने का भी मौका नहीं मिला।

वारदात के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही बिहटा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई।

सबसे चिंताजनक बात यह है कि पीड़ित व्यवसायी प्रमोद कुमार पहले भी लूट की बड़ी घटना का शिकार हो चुके हैं। करीब डेढ़ साल पहले उनके साथ लगभग 22 लाख रुपये की लूट हुई थी। लगातार दूसरी बार निशाना बनाए जाने से उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में दो बाइक पर चार अपराधियों के शामिल होने की बात सामने आ रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था में कोई खास सुधार नहीं हुआ है। इसी वजह से अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं।

फिलहाल पुलिस विभिन्न एंगल से जांच कर रही है और आसपास के इलाकों में छापेमारी भी शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि बहुत जल्द इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।

https://maannews.acnoo.com/public/frontend/img/header-adds/adds.jpg

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *